Saturday, June 1, 2019

पीएम मोदी की धमक से ऊंचाईयों पर पहुंचा बाजार, 40 हजार के पार पहुंचा सेंसेक्स



पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई में गुरुवार को नई सरकार का गठन हुआ

पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई में गुरुवार को नई सरकार का गठन हुआ। इस नई सरकार के गठन के बाद भारतीय शेयर बाजार की ऐतिहासिक शुरुआत हुई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स 40 हजार के पार खुला। यह भारतीय बाजार के इतिहास में पहली बार है जब सेंसेक्स की ऐसी शुरुआत हुई है।
वहीं निफ्टी भी 12000 के पार निकल गया। निफ्टी 59 अंकों की तेजी के साथ 12005 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। इसके पहले 23 मार्च को एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद बाजार ने यह स्तर टच किया था। चुनावी नतीजों वाले दिन यानी 23 मई को सेंसेक्स 40,124 के स्तर पर पहुंच गया था। यह अब तक का उच्चतम स्तर है। शुरुआती कारोबार में कोल इंडिया में सबसे अधिक 3.32 फीसदी तेजी देखने को मिली। इसी तरह एशियन पेंट, भारतीय एयरटेल, एचसीएल और एलएंटी के अलावा टीसीएस के शेयर भी  1 फीसदी से अधिक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। इस बीच ओएनजीसी के शेयर 1 फीसदी तक टूट गए। दरअसल ओएनजीसी का शुद्ध लाभ मार्च में समाप्त चौथी तिमाही में 31 फीसदी घटकर 4,045 करोड़ रुपए पर आ गया।
कंपनी को चौथी तिमाही के दौरान उत्पादन में कमी के साथ साथ दाम में गिरावट का भी खामियाजा भुगतना पड़ा। कंपनी के मुताबिक जनवरी-मार्च 2019 तिमाही में उसका शुद्ध लाभ इससे पिछले वर्ष की इसी तिमाही के 5,915 करोड़ रुपए से घटकर 4,045 करोड़ रुपए रह गया। ओएनजीसी के अलावा एनटीपीसी, महिंद्राएंडमहिंद्रा, रिलायंस और एचयूएल के शेयर लाल निशान पर कारोबार करते देखे गए।
कोल इंडिया के शेयर में इतनी बड़ी तेजी की वजह कंपनी के नतीजे रहे। बता दें कि कंपनी का लाभ मार्च 2019 में समाप्त तिमाही में चार गुना से अधिक बढ़कर 6,024.2 करोड़ रुपए हो गया। अधिक बिक्री और कम व्यय के चलते कंपनी का मुनाफा बढ़ा है। इससे पिछले वित्त वर्ष 2017-18 की जनवरी-मार्च अवधि में कंपनी को 1302 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ हुआ था। पूरे वित्त वर्ष 2018-19 में, कंपनी का शुद्ध लाभ (कर बाद मुनाफा) 148 प्रतिशत बढ़कर 17,462.18 करोड़ रुपए रहा। वर्ष 2017-18 में कंपनी का मुनाफा 7,038.44 करोड़ रुपए था।

No comments:

Post a Comment