प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीलंका पहुंच गए हैं। कोलंबो एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। मोदी की श्रीलंका यात्रा काफी संक्षिप्त है। पीएम मोदी इस दौरान श्रीलंकाई राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना से भी मुलाकात करेंगे। बता दें कि पीएम मोदी ईस्टर के मौके पर हुए विस्फोटों के बाद श्रीलंका की यात्रा करने वाले किसी अन्य देश के पहले नेता होंगे।
इसके बाद पीएम मोदी ईस्टर के मौके पर श्रीलंका के जिस चर्च में आतंकी हमला हुआ था वहां पहुंचे। उन्होंने यहां आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी।
श्रीलंका में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘मुझे विश्वास है कि श्रीलंका फिर से उठेगा। आतंक के कायरतापूर्ण कृत्य श्रीलंका की भावना को नहीं हरा सकते। भारत श्रीलंका के लोगों के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है।‘
इस दौरे के बारे में भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि मोदी का यह दौरा श्रीलंका सरकार को यह बताने के लिए है कि हम उनके साथ बराबरी से खड़े हैं। मंत्रालय ने कहा कि आतंकवाद से निपटने में भारत सरकार श्रीलंका की पूरी मदद करेगी।
ईस्टर के मौके पर हुए विस्फोटों 250 लोगों की मौत हो गई थी जिनमें 11 भारतीय थे। मोदी की यह श्रीलंका में तीसरी यात्रा है। इससे पहले, उन्होंने 2015 और 2017 में श्रीलंका की यात्रा की थी। इससे पहले पीएम मोदी शनिवार को मालदीव गए थे।

No comments:
Post a Comment