पश्चिम बंगाल के 24 परगना में टीएमसी-बीजेपी (TMC-BJP) कार्यकर्ताओं के बीच आपसी झड़प होने से चार लोगों के मौत की जानकारी मिल रही है। सूत्रों के अनुसार झड़प में एक टीएमसी कार्यकर्ता की मौत हो गई है तो वहीं बीजेपी भी उसके तीन कार्यकर्ताओं की मौत होने की बात कह रही है। इस हिंसा में 5 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हिंसा के बाद इलाके में तनाव है।
पार्टी के झंडे को उतारने से शुरू हुई झड़प
मामले की जांच कर रही पुलिस के अनुसार यह पूरा मामला पार्टी के झंडे को उतारने से शुरू हुआ था। इस झड़प के दौरान टीएमसी (TMC) के एक कार्यकर्ता की हत्या की बात सामने आ रही है। वहीं बीजेपी (BJP) का कहना है कि टीएमसी (TMC) के गुंडों ने उनके 3 कार्यकर्ताओं को गोली मारी दी है। जिसमें उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल से देश की राजधानी दिल्ली तक हलचल मच गई है। देर रात बीजेपी नेता मुकुल रॉय ने गृह मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की और उन्हें बंगाल की घटना से अवगत कराया।
अमित शाह ने इस पूरे मामले में कार्यकर्ताओं को संयम बरतने समेत पश्चिम बंगाल बीजेपी यूनिट को सतर्क रहने को कहा है। सूत्रों की मानें तो घटना की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस पूरे मामले में राज्य सरकार से जवाब तलब किया है।
गौरतलब है कि टीएमसी-बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच आपसी झड़प की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले कोलकाता में अमित शाह के रोड शो के दौरान भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (TMC) समर्थकों के बीच हिंसक झड़पें हुई थी।
हालांकि उस दौरान शाह को किसी तरह की चोट नहीं आई थी और पुलिस उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले गई। हिंसा तब भड़क उठी जब विद्यासागर कॉलेज के भीतर से टीएमसी के कथित समर्थकों ने उनके काफिले पर पथराव किया, जिससे दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच झड़पें हुई थी।

No comments:
Post a Comment